शिरोमणि अकाली दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं की मांग पर अमल करते हुए पार्टी ने भर्ती के लिए फार्म जमा करवाने की अंतिम तिथि तीन दिन बढ़ाकर 28 फरवरी शाम पांच बजे तक कर दी है। इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए शिरोमणि अकाली दल के सचिव, प्रवक्ता और पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने बताया कि पंजाब और अन्य राज्यों में पार्टी कार्यकर्ताओं में पार्टी की भर्ती को लेकर काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि वे अपने मिशन को पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज बड़ी संख्या में नेता पार्टी मुख्यालय में सर्किल डेलीगेट्स की सूची और जरूरी फीस जमा करवाने के लिए एकत्रित हुए थे। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग को मानते हुए शिरोमणि अकाली दल के कार्यकारी अध्यक्ष बलविंदर सिंह भूंदड़ ने भर्ती के लिए फार्म जमा करवाने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के संसदीय बोर्ड ने कार्यकर्ताओं और नेताओं की मांग को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। डॉ. चीमा ने आगे कहा कि पार्टी ने 27 फरवरी 2025 को दोपहर 2 बजे पार्टी मुख्यालय पर संसदीय बोर्ड की बैठक बुलाई है जिसमें भर्ती अभियान की समीक्षा के बाद अगली रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में शामिल सभी कार्यकर्ताओं, नेताओं, पर्यवेक्षकों का भी धन्यवाद किया