पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को पूरे राज्य में जिला और विश्वविद्यालय स्तर पर सैन्य साहित्य महोत्सव (एमएलएफ) की मेजबानी करके इसके दायरे का विस्तार करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने यहां मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल के अभिनंदन समारोह की अध्यक्षता करते हुए आयोजन समिति को हर साल इस मेगा आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि भविष्य में राज्य सरकार जिला एवं विश्वविद्यालय स्तर पर इस महोत्सव का आयोजन कर युवाओं को हमारे सशस्त्र बलों की समृद्ध विरासत से अवगत कर उनमें सेना में भर्ती होने की प्रेरणा जगायेगी। CM भगवंत मान ने कहा कि यह समय की मांग है कि युवाओं में राष्ट्रीयता और देशभक्ति की भावना पैदा की जाए और उन्हें सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाए।
भारत को दुनिया का सबसे बड़ा और सफल लोकतंत्र बनाने में सशस्त्र बलों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में लोकतंत्र सफलतापूर्वक पनपा है, क्योंकि सशस्त्र बलों ने इसके मूल्यों की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि सशस्त्र बलों ने देश की सीमाओं की रक्षा करने के अलावा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को भी कायम रखा है। भगवंत मान ने कहा कि इसी के कारण आज भारत दुनिया भर में सबसे सफल लोकतंत्र के रूप में उभरा है।
पाकिस्तान का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां लोकतंत्र कभी जीवित नहीं रहा क्योंकि सेना ने पड़ोसी देश में कई बार चुनी हुई सरकारों को गिराया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इसके विपरीत भारत में सशस्त्र बलों की सक्रिय भूमिका के कारण लोकतंत्र एक सफल परिघटना रही है। भगवंत मान ने कहा कि उनके कारण ही आज उनके जैसा आम आदमी प्रदेश का मुख्यमंत्री बना है।