बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए राज्य सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार इस नेक काम के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
मुख्यमंत्री डेरा ब्यास के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत कर रहे थे, जिन्होंने राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की मदद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 2 करोड़ रुपये का चेक सौंपा।
उन्होंने संकट की इस घड़ी में लोगों की मदद के लिए आगे आने वाले लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह समय की मांग है कि जरूरतमंद लोगों को समय पर मदद मिले।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि लोगों के योगदान का एक-एक पैसा राज्य के प्रभावित इलाकों के लोगों को बड़ी राहत देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के योगदान से लोगों को समय पर सहायता प्रदान करने में काफी मदद मिलेगी।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि समाजसेवियों द्वारा दिखाई गई उदारता निश्चित रूप से राज्य के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों को राहत प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य में बाढ़ के कारण पहले ही भारी नुकसान हुआ है और राज्य सरकार ने लोगों को हुए गंभीर नुकसान की भरपाई के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ के बाद उनके द्वारा विशेष गिरदावरी का आदेश दिया गया था जिसके अनुसार लोगों को मुआवजा दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि लोगों को इस भारी नुकसान की पूरी भरपाई करने के लिए फसल, मवेशी, घर या किसी भी चीज के हर नुकसान को विशेष गिरदावरी में शामिल किया गया है।
भगवंत सिंह मान ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी सरकार बाढ़ के दौरान हुए एक-एक पैसे के नुकसान की भरपाई करेगी।