मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने बताया कि वह जल्द ही राज्य में 3381 एलिमेंट्री अध्यापकों को नियमित नियुक्ति पत्र देगी। इस आशय का निर्णय मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उनके सरकारी आवास पर आयोजित बैठक में लिया गया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के लिए आज यहां आयोजित बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बेहद गर्व और संतोष की बात है कि 3381 ईटीटी अध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि यह भर्ती प्रक्रिया 951 और 2430 अध्यापकों सहित दो बैच में पूरी की गई है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन अध्यापकों को जल्द ही नियुक्ति पत्र दे दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के इतिहास में पहली बार किसी सरकार ने सत्ता में आने के 35 महीनों में युवाओं को रिकॉर्ड 50,892 नौकरियां दी हैं। उन्होंने कहा कि इसमें से 11000 से अधिक नौकरियां केवल शिक्षा विभाग में दी गई हैं, जिस पर राज्य सरकार का मुख्य ध्यान है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह उनके लिए बहुत गर्व और संतुष्टि की बात है कि सभी नौकरियां बिना किसी भ्रष्टाचार या भाई-भतीजावाद के पूरी तरह से योग्यता के आधार पर दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, रोजगार और बुनियादी ढांचे के विकास क्षेत्रों के विकास पर विशेष जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में अत्यधिक सार्वजनिक महत्व के इन प्रमुख क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए एक व्यापक योजना तैयार की गई है।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन नौकरियों से एक तरफ स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करके शिक्षा क्षेत्र को और मजबूत किया जाएगा, वहीं दूसरी तरफ युवाओं को नियमित नौकरियां देकर राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास में सक्रिय भागीदार बनाया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य सचिव केएपी सिन्हा, सचिव शिक्षा केके यादव और अन्य भी मौजूद थे।